बढ़ती खुदरा कीमतों पर लगाम की कवायद, नोएडा में ₹35 किलो प्याज की बिक्री शुरू
सुनील मिश्रा नोएडा। प्याज की बढ़ती खुदरा कीमतों से आम उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) ने नोएडा में बफर स्टॉक के प्याज की रियायती दर पर सीधी खुदरा बिक्री शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को प्याज ₹35 प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। NCCF के इस बाजार हस्तक्षेप का उद्देश्य प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने और उपभोक्ताओं को उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराना है।
उत्तर प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत नोएडा से की गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख आवागमन केंद्रों, आवासीय इलाकों और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में NCCF की विशेष मोबाइल वैन पहुंचाई जा रही हैं। इन मोबाइल वैन के माध्यम से उपभोक्ताओं को सीधे रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है।
NCCF की योजना नोएडा के साथ-साथ आसपास के प्रमुख क्षेत्रों तक भी मोबाइल वैन के माध्यम से पहुंच बनाने की है। इसके लिए सेक्टर-18, सेक्टर-62, नोएडा मोड़, सेक्टर-4, सेक्टर-9 और सेक्टर-15 सहित कई प्रमुख स्थानों को अभियान में शामिल किया जा रहा है।
Comments
Post a Comment