व्यापार बंधु समिति की बैठक मेंजनसुविधाओं, व्यापारिक एवं आधारभूत समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश
सुनील मिश्रा नोएडा : व्यापार बंधु समिति की महत्वपूर्ण मासिक बैठक शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी ( सीडीओ) भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर राज्य कर (प्रशासन) अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनपद गौतम बुद्ध नगर (नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा) की जनसुविधाओं, व्यापारिक आवश्यकताओं तथा आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र, प्रभावी एवं स्थायी समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक एवं आर्थिक केंद्र है, जो निवेश, रोजगार सृजन एवं राजस्व वृद्धि में अग्रसर है लेकिन तीव्र शहरीकरण, बढ़ती जनसंख्या एवं औद्योगिक विस्तार के नागरिक सुविधाओं का समुचित विकास न होने के कारण व्यापारियों समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सभी महत्वपूर्ण विषयों के समयबद्ध एवं स्थायी समाधान का आग्रह किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई के वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी ने कहा हरौला जनरेटर मार्केट में स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने, गांवों में वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन प्रणाली लागू करने तथा ग्राम मंगरौली-छपरौली (सेक्टर-168) में वर्षों से लंबित सीवर लाइन को शीघ्र संचालित कराने की मांग रखी।
व्यापारी प्रतिनिधि प्रवीण सक्सेना ने आर्य नगर मार्केट की प्रमुख समस्याओं, जिनमें स्ट्रीट लाइट, जल निकासी एवं चोरी की घटनाएं शामिल हैं, के समाधान की मांग की। साथ ही उन्होंने नोएडा में पेंट एवं बिल्डिंग मैटेरियल मार्केट की स्थापना, सार्वजनिक सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत कंट्रोल रूम से जोड़ने, व्यापक एवं संरक्षित वृक्षारोपण अभियान चलाने, विद्युत पोलों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा नोएडा प्राधिकरण के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) प्लेटफॉर्म को अधिक प्रभावी, सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने का सुझाव भी दिया।
बैठक में व्यापारी नेता मनोज गोयल ने भंगेल क्षेत्र में खराब स्ट्रीट लाइटों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं द्वारा सड़क अतिक्रमण तथा जल निकासी की समस्याओं की ओर अधिकारियों का विशेष ध्यान आकर्षित कराया। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई की ओर से वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी, संदीप चौहान, मनोज गोयल, दिनेश महावर, प्रवीण सक्सेना, ओमपाल शर्मा, अंकित कौशिक, प्रिंस राज सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment